गाजियाबाद। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 के सफल क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने के क्षेत्र में गाजियाबाद नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनाई है। नई दिल्ली में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड 2026 समारोह में गाजियाबाद नगर निगम को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने यह सम्मान प्रदान किया। समारोह की सबसे खास बात यह रही कि गाजियाबाद के लिए यह पुरस्कार पूर्व नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक (वर्तमान वीसी, मेरठ विकास प्राधिकरण) और वाराणसी से स्थानांतरित होकर हाल ही में गाजियाबाद नगर निगम की कमान संभालने वाले वर्तमान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से ग्रहण किया।

गाजियाबाद में यह उपलब्धि विक्रमादित्य सिंह मलिक के कार्यकाल के दौरान डूडा विभाग के समन्वय से हासिल की गई थी, जिसके तहत रिकॉर्ड 13,498 पथ विक्रेताओं को ऋण की प्रथम किस्त वितरित की गई। वहीं, वाराणसी में नगर आयुक्त रहते हुए हिमांशु नागपाल के नेतृत्व में भी 11,571 पथ विक्रेताओं को लाभान्वित किया गया था, जिसके लिए वाराणसी को भी पुरस्कृत किया गया। दोनों अधिकारियों के कार्यकाल की उपलब्धियों के चलते एक ही मंच पर गाजियाबाद और वाराणसी दोनों नगर निगमों को सम्मानित किया गया।

इस राष्ट्रीय समारोह में उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। प्रदेश को कुल 8 पुरस्कार (3 राज्य स्तरीय और 5 नगर निकाय स्तरीय) प्राप्त हुए हैं। नगर निकाय श्रेणी में गाजियाबाद और वाराणसी के अलावा प्रयागराज, मेरठ और अलीगढ़ नगर निगम को भी सम्मानित किया गया।



Source link

अभी अभी की खबरें