संवाद सहयोगी, अजीतमल (औरैया)। गांव मोहारी में शुक्रवार रात शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। बहन की विदाई के दौरान आगरा के एक अस्पताल में भाई की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। जानकारी पर मंगलगीत की जगह चीख-पुकार मच गई। मोहारी निवासी प्रमोद कुमार नागर उर्फ राजू बीएसएफ में हैं। उनका बड़ा पुत्र विक्रम सिंह नागर क्षेत्र के रतनपुर ककरैया स्थित संत कबीर इंटर कॉलेज में प्राइवेट शिक्षक था।
छोटा पुत्र प्रदुम्न ग्वालियर में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। करीब छह दिन पूर्व विक्रम को दिल का दौरा पड़ा था। उन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज चल रहा था। उधर, शुक्रवार को राजू नागर की बेटी ज्योति की शादी का कार्यक्रम मोहारी गांव में स्थित एक गेस्ट हाउस में था। सभी रिश्तेदार शादी की खुशियों में शामिल थे, बरातियों का आदर-सत्कार चल रहा था।
इसी दौरान विक्रम की मौत की खबर आ गई। बेटे की मौत की खबर से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुत्री को इसकी जानकारी नहीं दी गई। स्वजन ने आनन-फानन में शादी की रस्मों को पूरा किया और रात में ही बेटी की विदाई कर दी।
बेटी की विदाई के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। विक्रम की पत्नी नीतू बिलखते हुए कभी विक्रम के चेहरे को देखती तो कभी अपने मासूम पुत्रों यश, अभि और गोद में नवजात को देखकर उनकी परवरिश की चिंता को लेकर बिलखने लगाती।
