Accused in mother-daughter murder case shot in both legs

देवोपुर गांव के पास पुलिस मुठभेड़ में घायल धरवां गांव में हुई मां-बेटी की हत्या के आरोपी परवेज

नंदगंज। थाना क्षेत्र के धरवां गांव में मां-बेटी की निर्मम हत्या कर भागे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी परवेज उर्फ सोनू को पुलिस ने शुक्रवार की रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चापड़, मृतका का मोबाइल, तमंचा और कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है।


अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि 23 नवंबर की रात धरवां गांव में जैबुन निशा (35) और उनकी बेटी ऐमन (10) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद घर के बाहर गेट पर ताला लगाकर आरोपी भाग था। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने नामजद आरोपी सोनू उर्फ परवेज निवासी श्रीगंज, थाना नंदगंज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नंदगंज पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के पास से देवोपुर गांव जाने वाले कच्चे रास्ते पर मौजूद है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एएसपी सिटी ने बताया कि आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, एक कारतूस, हत्या में प्रयुक्त चापड़ और मृतका का मोबाइल बरामद हुआ है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



Source link