अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के जीएम उपेंद्रचंद्र जोशी ने बृहस्पतिवार को झांसी-बीना खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। पुनर्विकसित हो रहे झांसी स्टेशन का ले-आउट देखा और यार्ड के ले-आउट पर भी चर्चा की। अमृत भारत स्टेशन के तहत चयनित ललितपुर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों को भी देखा।
जीएम ने झांसी मंडल के झांसी-बीना खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। स्टेशन यार्ड, पॉइंट्स, ज्वाइंट्स टर्न आउट आदि को परखा। क्रू लॉबी की सुविधाएं देख मौजूद कर्मियों से वार्ता की। ललितपुर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों को देखा। प्रस्तावित पार्किंग के निर्माण के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। जोर दिया स्टेशन के नए स्वरूप में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। टिकट बुकिंग के लिए यूपीएस काउंटर को स्टेशन बिल्डिंग में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। देलवाड़ा-बिरारी कोर्ड लाइन पर बनने वाले नए स्टेशन का भी निरीक्षण किया। कोर्ड लाइन का कार्य तय समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जीएम ने ललितपुर, धौरा आदि स्टेशनों पर विभिन्न संगठनों द्वारा दिए ज्ञापन को लेकर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकार निर्माण विपिन कुमार, मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा, मुख्य परियोजना प्रबंधक निर्माण प्रवीण खुराना, मुख्यालय से मुख्य विद्युत इंजीनियर निर्माण डीबी सिंह, झांसी मंडल से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ल आदि मौजूद रहे।
