मनकापुर। जवाहर नवोदय विद्यालय मनकापुर में कक्षा छह में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 28 नवंबर को 16 केंद्रों पर होगी। जिले में 3908 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सुबह नौ बजे तक केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
जवाहर नवोदय विद्यालय मनकापुर के प्रधानाचार्य लालता प्रसाद शर्मा ने बताया कि परीक्षा के लिए प्रवेशपत्र जारी कर दिए गए हैं। पंजीकृत अभ्यर्थी 27 नवंबर तक नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट navodaya.gov.in या निर्धारित पोर्टल से प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन प्रवेशपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
जिले में परीक्षा के लिए रुपईडीह, इटियाथोक, पंडरीकृपाल, झंझरी, मुजेहना, कटरा बाजार, हलधरमऊ, करनैलगंज, परसपुर, बेलसर, तरबगंज, वजीरगंज, नवाबगंज, मनकापुर, बभनजोत और छपिया में केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 410 अभ्यर्थी कौड़िया बाजार स्थित गंगा प्रसाद मिश्र लाल इंटर कॉलेज में और सबसे कम 126 अभ्यर्थी एफएए राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा देंगे। (संवाद)
