यूपी के गोंडा में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के सम्मान में नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित ‘सत्यमेव जयते’ समारोह से लौट रही खिलाड़ियों की बस बृहस्पतिवार शाम गोंडा-अयोध्या मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सात खिलाड़ी मामूली रूप से घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद  अस्पताल से घर भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि गोंडा स्पोर्ट्स अकादमी के 41 खिलाड़ी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नंदिनी नगर महाविद्यालय गए थे। समारोह समाप्त होने के बाद उन्हें लेकर लौट रही बस शाम करीब 4.00 बजे पलट गई। हादसा नंदिनी नगर शूटिंग रेंज के पास हुआ। बस पलटते ही उसमें सवार खिलाड़ियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। बस का शीशा तोड़कर सभी खिलाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ ही देर में गोनार्द अस्पताल की एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

हादसे में विकास यादव (18), सतीश मौर्य (22), शिवकुमार (22), शिवा सिंह (19), चंदन गुप्ता (17), अमरनाथ (17), शनि सिंह (20) को मामूली चोटें आईं। चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया और हालत सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दूसरी बस की व्यवस्था कर अन्य खिलाड़ियों को सुरक्षित उनके घर रवाना कराया। हादसे के कारण कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लगी रही, लेकिन पुलिस ने स्थिति संभालते हुए यातायात सामान्य बनाए रखा।

थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल खिलाड़ियों को छुट्टी दे दी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें