एटा के सकीट ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम नगला अगर में शुक्रवार की सुबह बंबा में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बहता मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने जब बंबा में शव को बहते हुए देखा तो इसकी सूचना थाना मलावन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बंबा से बाहर निकलवाया।
थाना प्रभारी क्षत्रपाल सिंह ने बताया कि मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव की हालत खराब होने के कारण पहचान में दिक्कत आ रही है। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। आसपास के थानों में भी इसकी सूचना भेजी गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
क्षेत्राधिकारी नितेश कुमार गर्ग ने बताया कि थाना मलावन के ग्राम नगला अगर के बंबा में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। शव लगभग 15 दिन पुराना होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। सीओ ने बताया कि मृतक की पहचान कराने के लिए फिलहाल सभी थानों में सूचना भेज दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।