हमीरपुर। चार्जिंग स्टेशन के इंतजार में खड़े नगर निगम हमीरपुर के चार इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहन अब सड़कों पर उतर गए हैं। नगर निगम के विश्राम गृह परिसर और महाराणा प्रताप पार्क के समीप पार्किंग में चार चार्जिंग प्वाइंट स्थापित कर दिए गए हैं।
इनमें दो चार्जिंग प्वाइंट विश्राम गृह परिसर और दो महाराणा प्रताप पार्क के समीप बनाए गए हैं। चार्जिंग की सुविधा मिलने के बाद अब इन वाहनों का इस्तेमाल शहर में घर-घर से कचरा एकत्र करने के लिए किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 27 अक्तूबर को इन चारों वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। हालांकि, चार्जिंग की व्यवस्था न होने के कारण इनका संचालन शुरू नहीं हो पाया था।
अमर उजाला के आठ नवंबर के संस्करण में संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। उस समय चारों वाहन खड़े थे और नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था पुराने 14 वाहनों के सहारे चल रही थी।
अब चार्जिंग पॉइंट स्थापित होने से नए वाहनों का संचालन शुरू हो गया है। इससे निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी। शहर के बढ़ते दायरे और घरों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन वाहनों की जरूरत महसूस की जा रही थी।
इनके संचालन से घरों से कचरा उठाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही पारंपरिक ईंधन पर होने वाला खर्च कम करने के साथ ध्वनि और वायु प्रदूषण घटाने में भी मदद मिलेगी।
नगर निगम में पहले से 14 कचरा संग्रहण वाहन संचालित हो रहे हैं। चार नए इलेक्ट्रिक वाहनों के शामिल होने से अब कचरा उठाने के लिए उपलब्ध वाहनों की संख्या बढ़ गई है।
नगर निगम आयुक्त राकेश शर्मा ने कहा कि नए वाहनों के संचालन से वाहनों की कमी दूर हुई है और कचरा संग्रहण व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी।
