ऊहल (हमीरपुर)। लग-कड़ियार पंचायत की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए कड़ियार क्षेत्र में 500 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए करीब दो करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ है।
विश्व बैंक के माध्यम से स्वीकृत इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए तकनीकी व्यवहार्यता जांचने और भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश जारी हो चुके हैं।
परियोजना की खास बात यह है कि सौर ऊर्जा संयंत्र से होने वाली आय का 30 फीसदी हिस्सा पंचायत को मिलेगा। इससे पंचायत की आमदनी बढ़ेगी और विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध हो सकेगा।
इस राशि का उपयोग क्षेत्र में विकास कार्यों और लोगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए किया जा सकेगा। परियोजना से पंचायत को आय का स्थायी स्रोत मिलने के साथ उसे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद मिलेगी। इसके अलावा स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीणों ने जताया आभार
परियोजना को मंजूरी मिलने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह का आभार जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होने से पंचायत की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी।
कोट
सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होने से पंचायत को आय का नया स्रोत मिलेगा। इससे पंचायत आर्थिक रूप से मजबूत होगी और क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना पंचायत के विकास में महत्वपूर्ण साबित होगी। -सचिन ठाकुर, प्रधान, लग-कड़ियार पंचायत
