गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में लगने वाला ऐतिहासिक पशु मेला इस बार भी कारोबार के लिहाज से खासा सफल रहा। मेले में करीब दो हजार पशु व्यापारी पहुंचे और घोड़े-खच्चरों की खरीद-फरोख्त के जरिए एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। पशु मेला ठेकेदार के अनुसार करीब 1800 व्यापारियों ने पंजीकरण कराया था। मेले में रानी नाम की घोड़ी सबसे महंगे दाम पर बिकी। वहीं जिगरी नाम के घोड़े ने भी अपनी कीमत को लेकर खूब चर्चा बटोरी।

पशु मेले में विभिन्न नस्लों के घोड़े और खच्चर बिक्री के लिए लाए गए थे। खरीदारों ने पशुओं की कद-काठी, चाल, बनावट और नस्ल के आधार पर उनकी कीमत लगाई। स्थानीय व्यापारियों के अलावा हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत दूसरे क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और व्यापार के लिए पहुंचे। कई दिनों तक चले मेले में पशुओं की खरीद-फरोख्त का सिलसिला लगातार जारी रहा।

मेले में 90 लाख रुपये कीमत का काला घोड़ा जिगरी आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं हरियाणा निवासी कमल ने सफेद घोड़ी रानी को 21 लाख रुपये में खरीदा। हरियाणा के पलवल निवासी दयानंद ने बताया कि इस बार मेले में अच्छा कारोबार हुआ। वह अपने साथ 25 घोड़ियां लेकर आए थे, जिनमें से 18 बेच चुके हैं। शेष सात घोड़ियों को वापस लेकर जा रहे हैं। वहीं, संभल निवासी दिलशाद ने बताया कि वह खच्चरों का कारोबार करते हैं और इस बार मेले में 12 खच्चर बेचे हैं। अन्य व्यापारियों ने भी मेले में अच्छी खरीद-फरोख्त होने की बात कही।

मेलाधिकारी श्रीराम यादव ने बताया कि पशु मेले में इस बार अच्छी खरीद-फरोख्त हुई है। व्यापारियों ने बड़े पैमाने पर कारोबार किया और मेले में एक करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार हुआ।

सजावट और देखभाल के सामान की दुकानों पर भी रही रौनक

पशुओं की खरीद-फरोख्त के साथ ही मेले में घोड़ों की सजावट और देखभाल से संबंधित दुकानों पर भी खूब रौनक रही। दुकानों पर घोड़ों के लिए सजावटी सामान, लगाम और पैरों में पहनाए जाने वाले उपकरणों की बिक्री हुई। पशु मेले में प्रजापति समाज के व्यापारियों और लोगों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।



Source link

अभी अभी की खबरें