हाथरस। विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में इंतजाम ठसाठस होने से जगह व इलाज का संकट गहरा गया है। एक कमरे में 12 बेड के साथ कंगारू वार्ड और ओपीडी भी संचालित हैं। इससे नवजातों में संक्रमण का खतरा बना हुआ है। जगह के अभाव में नई स्वास्थ्य इकाइयों का विस्तार अटका है।
एसएनसीयू के एक कमरे में 12 बेड संचालित किए जा रहे हैं। इसी परिसर में कंगारू मदर केयर (केएमसी) वार्ड भी है, जहां मां और नवजात को साथ रखा जाता है। इसके ठीक बगल में एसएनसीयू की ओपीडी चल रही है। मरीजों, तीमारदारों और ओपीडी में आने वालों की आवाजाही से भीड़ बनी रहती है। इससे संक्रमण फैलने की आशंका रहती है। जगह और व्यवस्थाओं की कमी के कारण लेक्टेशनल मिल्क यूनिट नहीं बन पा रही है। इसके अलावा एसएनसीयू को एमएनसीयू में परिवर्तित करने की प्रक्रिया भी आगे नहीं बढ़ पा रही है।
रोजाना 10 से 12 नवजात भर्ती
यूनिट में सामान्य दिनों में भी सभी 12 बेड भरे रहते हैं। गर्मियों में भर्ती नवजातों की संख्या बढ़कर 20 तक पहुंच जाती है। ऐसे में सीमित जगह और संसाधनों के बीच उपचार व्यवस्था संचालित करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
पुलिस चौकी शिफ्ट करने पर चल रहा विचार
एसएनसीयू परिसर के एक कक्ष में बागला अस्पताल पुलिस चौकी संचालित है। इस कमरे में लेक्टेशनल मिल्क यूनिट बनाने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए नई इमरजेंसी के निकट पुलिस चौकी के लिए जगह तलाशी जा रही है। जगह की कमी को देखते हुए तत्कालीन डीएम अतुल वत्स ने महिला अस्पताल के बगल में बनी पुरानी इमरजेंसी को हटाकर नए भवन का प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए थे। पुरानी इमरजेंसी के ध्वस्तीकरण की मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन नए भवन का प्रस्ताव तैयार होने और शासन से स्वीकृति मिलने में समय लगेगा।
एसएनसीयू में बच्चों का बेहतर उपचार किया जा रहा है, लेकिन जगह की कमी के कारण कई सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। एमएनसीयू से लेकर अन्य सुविधाओं के लिए विकल्प तलाशे जा रहे हैं। – डॉ. डीएम सक्सेना, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल।
