fraud case rejected

प्रतीकात्मक चित्र।
– फोटो : ARchive

हाथरस। अपर सत्र न्यायाधीश संगीता शर्मा की अदालत ने धोखाधड़ी, जालसाजी और चेक के दुरुपयोग के एक गंभीर मामले में दो सगे भाइयों हिमांशु शाक्य और शील रतन शाक्य की अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। अदालत ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट में हस्ताक्षरों में भिन्नता पाई। साथ ही, जमानती वारंट जारी होने की स्थिति को अग्रिम जमानत का आधार नहीं माना।


मेसर्स बालाजी कंस्ट्रक्शन की प्रोपराइटर डॉ. शीतल सिंह ने थाना हाथरस गेट में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा था कि उनकी फर्म के पूर्व मैनेजर हिमांशु शाक्य ने उनके भरोसे का फायदा उठाकर फर्म के दस्तावेज अपने पास रख लिए। मार्च 2024 में नौकरी से निकाले जाने के बाद भी हिमांशु ने दस्तावेज वापस नहीं किए।

आरोप है कि उसने अपने भाई शील रतन शाक्य के साथ मिलकर फर्म के खातों और चेकों का दुरुपयोग किया। दोनों भाइयों पर 12.44 लाख रुपये की एफडीआर अवैध रूप से तुड़वाने का आरोप है। उन पर 49 लाख 89 हजार रुपये के पुराने चेकों को बैंक में लगाकर बाउंस कराने का भी आरोप है।

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने मामले को आपसी लेनदेन की रंजिश बताया। हालांकि, शासकीय अधिवक्ता ने आरोपों को गंभीर बताते हुए याचिका का विरोध किया। अदालत ने पाया कि पुलिस आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला, अलीगढ़ की रिपोर्ट में विवादित हस्ताक्षरों में भिन्नता मिली। शील रतन के सरकारी कर्मचारी होने का दावा भी जांच में गलत पाया गया। इन तथ्यों के आधार पर न्यायालय ने दोनों आरोपियों की अग्रिम जमानत अर्जियां निरस्त कर दीं।



Source link