सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव भटीकरा में शुक्रवार की शाम को प्रेमिका से शादी की जिद पर अड़ा 23 वर्षीय युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब दो घंटे तक वह टावर पर बैठा रहा। पुलिस और परिजनों के समझाने पर वह नीचे उतरा।

भटीकरा निवासी सौरभ का कहना था कि उसका एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। वह युवती से शादी करना चाहता है, लेकिन युवती के परिजन तैयार नहीं हैं। इसी बात से नाराज होकर शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे युवक गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कहने लगा कि जब तक उसे शादी का पक्का भरोसा नहीं मिलेगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा।

सूचना मिलते ही बाजिदपुर व अगसौली चौकी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड टीम को भी बुला लिया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि युवक पहले भी कई लोगों और अधिकारियों के पास जाकर शादी कराने की गुहार लगा चुका था।

करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद गांव के प्रतिष्ठित लोगों और पुलिस अधिकारियों ने परिवार वालों ने उसे समझा-बुझाकर नीचे उतार लिया। कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा था। युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। बाद में उसे थाने ले जाकर समझाने के बाद छोड़ दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *