जालौन जिले में कदौरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर निवासी युवक का शव रविवार सुबह यमुना नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक ने दो दिन पहले सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर पुलिस प्रताड़ना, मारपीट और फर्जी कार्रवाई के आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने की बात कही थी। जानकारी के अनुसार नगर की एक महिला ने युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले में युवक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई कर उसका चालान किया था।
गुरुवार शाम जमानत पर छूटने के बाद युवक घर पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद वह कालपी की ओर चला गया। वहीं से युवक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उसने आरोप लगाया कि महिला ने उसके साथ मारपीट की थी, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत सुनने के बजाय महिला की तहरीर पर कार्रवाई कर दी। युवक ने वीडियो में कहा था कि पुलिस कार्रवाई और प्रताड़ना से आहत होकर वह आत्महत्या करने जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
