आटा थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को रंजिश में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने के बाद एक पक्ष के व्यक्ति ने लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से हवा में फायरिंग कर दी। इससे दहशत फैल गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। फायरिंग का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

आटा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला सोमवार को मंदिर से लौट रही थी, आरोप है कि तभी शैलेंद्र निरंजन ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और शैलेंद्र ने महिला की डंडे से पिटाई कर दी। शोर सुनकर पूर्व प्रधान का भाई नीतू मौके पर पहुंचे और इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी, डंडे चलने लगे।

विवाद के दौरान शैलेंद्र पर लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक निकालकर फायरिंग करने का आरोप है। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान गोली हवा में चल गई। फायरिंग सुनते ही गांव में अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

सूचना मिलते ही आटा थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीओ कालपी राजेश कमल भी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने महिला और युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *