
पर्वत सिंह बादल ब्यूरो चीफ जालौन
(उरई जालौन) उरई: जनपद में विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं कोचिंग संस्थानों में निर्धारित मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में गठित संयुक्त जांच टीमों ने उरई नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कोचिंग संस्थानों का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उरई के एक दर्जन से अधिक कोचिंग संस्थानों को सीज कर दिया गया।
अभियान के दौरान इनफिनिटी विजन, भदौरिया क्लासेज, लक्ष्य कोचिंग, सिग्मा एकेडमी सहित कई अन्य संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच में अनेक संस्थान बिना आवश्यक अनुमति संचालित पाए गए, जबकि कई स्थानों पर अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध नहीं मिले। कुछ संस्थानों में आपातकालीन निकास, भवन सुरक्षा एवं अन्य अनिवार्य मानकों का भी अभाव पाया गया, जिस पर संयुक्त टीमों द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया गया। संयुक्त टीमों द्वारा की जा रही कार्रवाई की निगरानी के क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षा एवं वैधानिक मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में कोचिंग संस्थानों एवं अस्पतालों की जांच के लिए पांच संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जिनमें विकास प्राधिकरण, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी शामिल हैं। अभियान के तहत उन संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जा रहा है जो बिना वैधानिक अनुमति संचालित हैं, बेसमेंट में संचालित हो रहे हैं अथवा जहां अग्नि सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक मानकों का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में लगभग 60 कोचिंग संस्थान पंजीकृत हैं। अभियान के अंतर्गत अब तक एक दर्जन से अधिक संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है, जिनमें बड़ी संख्या में कमियां पाई गई हैं। ऐसे संस्थानों के विरुद्ध सीजिंग सहित अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं मान्यता प्राप्त संस्थानों का चयन करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि जनपद में संचालित सभी शिक्षण संस्थानों को सुरक्षा संबंधी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा संचालित यह विशेष अभियान लगातार जनपद भर में जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित एवं मानक अनुरूप शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है, ताकि शिक्षा संस्थानों में सुरक्षा और गुणवत्ता दोनों को प्रभावी ढंग से स्थापित किया जा सके।


