बरुआसागर कस्बे के विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका के आवास से चोर लाखों रुपये की चोरी कर ले गए।
कस्बे के नवोदय विद्यालय में लक्ष्मी देवी पत्नी पंकज वर्मा गणित विषय की शिक्षिका हैं और विद्यालय के आवासीय परिसर में जी एच 2 आवास के ग्राउंड फ्लोर पर रहती हैं। गत 7 जून को वह विद्यालय में अवकाश के चलते अपने आवास का ताला लगाकर झांसी चली गईं तब तक उनका सारा सामान सुरक्षित था। बुधवार 24 जून को जब वह वापस लौटीं और घर का ताला खोलकर अंदर पहुंचीं तो घर का सारा सामान बिखरा था, अंदर के कमरों के ताले टूटे थे। साथ ही आलमारी का ताला भी टूटा पाया गया। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया गया कि उनके घर से अज्ञात चोर एक किलो चांदी, सोने के दो कंगन, सोने का एक हार, टॉप्स और 8 हजार रुपये नकद ले गए। पीड़िता ने बताया कि चोरों ने आवास के पीछे लगी खिड़की का तार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों के ताले आदि तोड़कर गहने लेकर भाग गए गए।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मौका मुआयना कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पीड़िता ने बताया कि उनके यहां से लगभग चार लाख रुपये की चोरी हुई है।
