कोंच। दीपावली के त्योहार को लेकर नगर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। शुक्रवार को धनतेरस के दिन बाजारों में वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए प्रमुख चौराहों और रास्तों पर बैरिकेडिंग कराई जा रही है।
सीओ परमेश्वर प्रसाद के निर्देश पर कोतवाली पुलिस बाजारों में आने-जाने वाले प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था कर रही है। कोतवाल निग्वेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि धनतेरस के दिन सुबह आठ बजे से देर रात तक बाजार बंद होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। इसके तहत चंदकुआ से बाजार जाने वाली गली, सागर चौकी तिराहा, नगर पालिका कार्यालय, रामगंज तिराहा, लवली चौराहा, केलरगंज, बर्तन बाजार, सर्राफा बाजार और रामलीला भवन के पास बैरिकेडिंग कराई जा रही है। सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। चौराहों पर उपनिरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस पिकेट तैनात रहेगी। बैरिकेडिंग के जरिए बाइकों समेत सभी प्रकार के वाहनों का बाजारों में प्रवेश रोका जाएगा, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को पैदल आवागमन में परेशानी न हो। (संवाद)

