उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन के लिए बृहस्पतिवार का दिन चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिहाज से अहम रहा। कॉलेज को लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) टैंक की अनुमति मिल गई है। इसके साथ ही 128 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन से हृदय, मस्तिष्क और किडनी की एंजियोग्राफी शुरू हो गई है। वहीं, अस्थि रोग विभाग में सीमेंटेड हिप ज्वाइंट रिप्लेसमेंट की नई तकनीक से सर्जरी भी की गई।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि एलएमओ टैंक की अनुमति मिलने से ऑक्सीजन की आपूर्ति की व्यवस्था और बेहतर होगी। कोविड काल में स्थापित विशालकाय टैंक के माध्यम से अस्पताल में ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि 128 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन से अब कोरोनरी, सेरेब्रल और रीनल एंजियोग्राफी की सुविधा शुरू हो गई है। इससे हृदय, मस्तिष्क और किडनी की रक्त वाहिकाओं की जांच में मदद मिलेगी। इसके अलावा अस्थि रोग विभाग में सीमेंटेड हिप ज्वाइंट रिप्लेसमेंट तकनीक से सर्जरी की गई। इन सुविधाओं से मरीजों को जांच और उपचार के लिए दूसरे शहरों की दौड़ कम करनी पड़ेगी।