उरई। संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने के आरोपियों से फेसबुक एप के माध्यम से चैट करने के आरोप में दिल्ली पुलिस शहर के रामनगर निवासी अतुल कुलश्रेष्ठ उर्फ बच्चा को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई है। जैसे ही इसकी जानकारी शहर के लोगों को लगी तो तरह तरह की चर्चाएं होने लगी।
लोगों ने बताया कि बच्चा बचपन से ही वामपंथी विचारधारा से जुड़ा रहा है। उसका किसी राजनैतिक पार्टी से भले ही कोई लेना देना न हो लेकिन वह छात्र जीवन से ही शहीदे आजम भगत सिंह की विचारधारा से जुड़ा था। वह शहर में गोष्ठियों और सभाओं का आयोजन कराता था। जिससे लोग उसे जानते थे। उसने कलां संकाय से इंटर तक शिक्षा ली है। उसके तीन पुत्र व एक पुत्री है। किसी की अभी तक शादी नहीं हुई है।
पत्नी की पहले ही मौत हो गई है। अतुल का एक छोटा भाई रोहित है। उसके पुत्र एक दुकान में काम करते हैं। वह घर पर ही रहता था। पुलिस से ले जाने के बाद से ही घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुत्र के साथ बैठता था दुकान पर, नहीं करता था बात
लोगों ने बताया कि अतुल कुलश्रेष्ठ अपने बेटे अतुल के साथ शहर के तिराहे पर स्थित एक कंप्यूटर की दुकान चलाता है। दुकान पर ही शाम को उसका पुत्र अतुल भी साथ बैठता था। लेकिन वह अपने पुत्र से बात न कर मोबाइल पर ही कुछ चलाता रहता था। इसका विरोध भी कई बार उसके बच्चों ने किया। लेकिन वह अपनी दुनियां में ही मस्त था। मंगलवार को जब पुलिस सादी वर्दी में उसे पकड़ने आई तो दुकान पर बैठे उसके पुत्र ने सोचा कि शायद लोकल पुलिस आई है। लेकिन जब रात में पता चला तो सब सन्न रह गए। इसे लेकर मोहल्ले के लोग व आसपास के दुकानदार भी कुछ कहने से बच रहे हैं।
