उरई। दशहरा पर कन्या भोज के लिए जलेबी खरीदने के दौरान शहर के प्रसिद्ध राजू जलेबी भंडार पर दो ग्राहकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लात-घूंसे चलने लगे, जिससे दुकान पर हंगामा मच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया।
दशहरा के चलते राजू जलेबी भंडार पर जलेबी खरीदने वालों की भारी भीड़ लगी थी। लोग कन्या भोज के लिए जलेबी लेने के लिए कतार में खड़े थे। इसी दौरान जल्दबाजी में आगे निकलने को लेकर दो ग्राहकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। हंगामा बढ़ने पर दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने बताया था कि मामले में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। (संवाद)
