कदौरा। थाना क्षेत्र के उदनपुर-जैसकपुर मार्ग पर गुरुवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में ग्राम उदनपुर के पूर्व प्रधान के पुत्र की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
थाना क्षेत्र के ग्राम उदनपुर निवासी दीपक (28) साथी बबलू के साथ किसी कार्य से जैसकपुर स्थित गैस एजेंसी की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक जिसे ग्राम बागी निवासी पंकज चला रहा था, उनकी बाइक से आमने-सामने टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दीपक के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने उन्हें तत्काल हमीरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना में दूसरी बाइक का चालक पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उरई जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय पंकज नशे की हालत में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
दीपक अपने पीछे पत्नी रागिनी, तीन बेटियां का रो रोकर बुरा हाल है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे।
थानाध्यक्ष परमेंद्र सिंह ने बताया कि बाइक दुर्घटना में दो लोग घायल हुए थे, जिनमें दीपक की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम हमीरपुर जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
