फोटो – 08 घायल को अस्पताल ले जाते पुलिस कर्मी। पुलिस

= एक आरोपी के पैर में लगी गोली, 26 पीतल के घंटे और 11,995 रुपये बरामद

संवाद न्यूज एजेंसी

कालपी। कोतवाली क्षेत्र के उसरगांव देवपुरा माता मंदिर में चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। इससे वह घायल हो गए। पुलिस ने उसके दो साथियों को भी घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए 26 पीतल के घंटे, 11,995 रुपये नकद, अवैध तमंचा-कारतूस, ताला तोड़ने के औजार और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।

कोतवाली क्षेत्र के उसरगांव स्थित देवपुरा माता मंदिर में 16 सितंबर की रात चोरों ने मंदिर से घंटे और दानपात्र से करीब 35 हजार रुपये चोरी कर लिए थे और पुजारी के साथ मारपीट कर उसे कमरे में बंद कर दिया था। मामले में अनुराग तिवारी की तहरीर पर कालपी कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। घटना के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी कालपी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को चेकिंग के दौरान टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र के गौर गांव निवासी संदीप उर्फ नरेंद्र कुमार गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं उसके साथी बलराम और थाना बरौर के अंडवा गांव निवासी लाला उर्फ लालचंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 छोटे-बड़े पीतल के घंटे और दानपात्र से चोरी की गई रकम में से 11,995 रुपये बरामद किए। इसके अलावा ताला तोड़ने और कुंडा काटने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सब्बल, कटर, प्लास समेत अन्य उपकरण भी मिले हैं। वारदात में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने बरामद की है। सूचना पर एएसपी डॉ. ईशान सोनी मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने देवपुरा माता मंदिर में चोरी करने की बात बताई। उनके अनुसार, चोरी के दौरान ताला तोड़ने और कुंडा काटने के लिए औजार साथ रखते थे। चोरी से मिले माल को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के मुताबिक, घायल संदीप उर्फ नरेंद्र के खिलाफ कानपुर देहात के बरौर और मूसानगर थानों में चोरी व चोरी का माल रखने से संबंधित दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वह पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। अन्य दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *