कालपी। मां की मौत के लिए जिम्मेदार मानते हुए तीन देवरों ने महिला को बहाने से खेत पर ले जाकर जमकर पीट दिया। मरणासन्न हालत में उसे गांव से कुछ दूर सड़क किनारे छोड़कर भाग गए। ग्रामीण की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कोतवाली क्षेत्र के गुढ़ाखास निवासी रामप्रकाश की 30 वर्षीय पत्नी रेनू को सोमवार सुबह उसके देवर रामकिशन, सजीवन और नरेंद्र बहाने से खेतों की ओर ले गए। आरोप है कि एकांत स्थान पर तीनों ने उसकी जमकर मारपीट की और बेहोश होने पर मैनपुर जाने वाली सड़क के किनारे छोड़कर भाग गए।
कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीण परमसुख ने महिला को पड़ा देखा और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। घायल रेनू ने बताया कि उसका पति चालक है और बाहर रहकर वाहन चलाता है। आरोप है कि कुछ दिन पहले हुई सास की मौत के लिए उसके देवर उसे जिम्मेदार मान रहे थे।
पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्मा तिवारी ने बताया कि महिला का इलाज चल रहा है। मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी।
