उरई। जिले के स्थानीय उत्पाद अब देश के साथ दुनिया के बाजार में अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं। ग्रेटर नोएडा में 24 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 में जिले के पांच उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। 80 देशों की भागीदारी वाले इस आयोजन में कालपी के हाथ कागज से लेकर लकड़ी के खिलौने, गो-निर्मित और स्थानीय खाद्य उत्पादों को खरीदारों के सामने रखने का मौका मिलेगा।

इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, नॉलेज पार्क-2 में होने वाले ट्रेड शो में जालौन से पांच स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें कालपी के हाथ कागज उद्योग की विशेष मौजूदगी रहेगी। ओडीओपी और जीआई टैग के जरिए पहचान बना चुके कालपी के हाथ कागज उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।

उपायुक्त उद्योग धर्मेंद्र भास्कर ने बताया कि हाथ कागज संघ कालपी के अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी ओडीओपी (हाथ कागज) और जीआई टैग श्रेणी में हिस्सा लेंगे। अमन चंदेल लकड़ी के खिलौने, राधा पांडेय गो-निर्मित उत्पाद, अखिलेश पाल ओडीओसी के तहत रसगुल्ला और गुझिया तथा शौर्य कुमार सिंह की अनुरागिनी संस्था कालपी हाथ कागज उत्पादों का प्रदर्शन करेगी।

ट्रेड शो में देश-विदेश से आने वाले खरीदारों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के सामने उत्पादों की सीधी प्रस्तुति होगी। इससे जिले के उद्यमियों को नए कारोबारी संपर्क और बाजार तलाशने का अवसर मिलेगा। छोटे उद्यमों के लिए भी बड़े बाजार से जुड़ने का रास्ता खुलेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *