उरई। बहू की प्रताड़ना से तंग होकर वृद्धा थाने पहुंची और थाना प्रभारी को रोकर अपनी व्यथा बताई। वह बुंदेली भाषा में बोली कि लला, जब बहू से आटा मांगा तो वह देने के बजाय मारने लगी। यह सुन उन्होंने सबसे पहले खाना खिलाया और उसके बाद बहू को फटकार लगाई कि अगर दोबारा शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

थाना एट क्षेत्र के ग्राम सोमई की बुजुर्ग महिला गिरजारानी (85) बृहस्पतिवार को थाने पहुंचीं और थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह से बुंदेली में अपनी व्यथा सुनाई। वृद्धा बोलीं, लला, मोय भूख लगी थी। बहू से आटा मांगो तो गारी देन लगी, मारन की धमकी दे डारी। अब मोय रोटी तक नईं मिलत।

वृद्धा की बात सुनकर थाना प्रभारी का दिल पसीज गया। उन्होंने पहले वृद्धा को थाने में भोजन कराया और फिर उनकी पूरी शिकायत सुनी। इसके बाद बहू को कड़ी फटकार लगाई। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि यदि आगे से सास के साथ मारपीट, गाली-गलौज या प्रताड़ना की शिकायत मिली तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और खाने-पीने की व्यवस्था में हरसंभव मदद की जाएगी तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *