Geluk het by die skoonfamilie aangekom terwyl sit in die draagstoel op die skouers van vier dragers

मछलीशहर… डोली में सवार हो ससुराल जाती दुल्हन। परिजन

मछलीशहर। ये दृश्य किसी फिल्म का नहीं, बल्कि हकीकत है। चार कहारों के कंधों पर सजी-धजी डोली और उसमें बैठी दुल्हन… आधुनिक दौर में ऐसा नजारा कम ही देखने को मिलता है। मछलीशहर में बुधवार को एक शादी के बाद जब दुल्हन डोली में बैठकर ससुराल के लिए निकली तो सड़क पर लोगों के कदम ठिठक गए। किसी ने मोबाइल में इस पल को कैद किया तो कोई इस अनूठी विदाई को एकटक निहारता रहा। दादा की इच्छा पूरी करने के लिए परिवार ने 30 किलोमीटर दूर से डोली और चार कहारों का इंतजाम किया। इस पर 23 हजार रुपये खर्च किए गए।


मीरपुर निवासी घनश्याम गौड़ के बेटे अभिषेक का विवाह भदोही जिले के अहमदपुर फुलवरिया गांव निवासी महेंद्र कुमार गौड़ की पुत्री खुशी से तय था। अभिषेक मुंबई में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। शादी की तैयारियों के बीच परिवार के बुजुर्ग दादा मुन्नीलाल सहित अन्य सदस्यों की इच्छा थी कि बहू की विदाई पुरानी परंपरा के अनुसार डोली में हो। परिवार ने अपनी यह इच्छा लड़की पक्ष के लोगों को बताई तो वे भी इसके लिए तैयार हो गए। इसके बाद शुरू हुई डोली और कहारों की तलाश। भदोही जिले में काफी खोजबीन के बाद भी व्यवस्था नहीं हो सकी। आखिरकार लड़के पक्ष के लोगों ने करीब 30 किलोमीटर दूर जौनपुर से डोली (असवारी) और चार कहारों का इंतजाम किया। इसके लिए 23 हजार रुपये खर्च करने पड़े। दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से मछलीशहर के एक लॉन में शादी कराने का फैसला किया। यह लॉन दूल्हे के घर से करीब दो किलोमीटर दूर था। दुल्हन भदोही से बरात लेकर मछलीशहर पहुंची और बुधवार को विवाह की रस्में पूरी हुईं। सुबह विदाई की बेला आई तो खुशी डोली में सवार हुईं। चार कहारों ने डोली को कंधों पर उठाया और गाजे-बाजे के साथ करीब दो किलोमीटर दूर मीरपुर स्थित अपनी ससुराल के लिए रवाना हो गईं। डोली को सड़क से गुजरते देख लोगों के कदम ठिठक गए। डोली जब घनश्याम गौड़ के घर पहुंची तो परिवार के लोगों की खुशी देखते ही बन रही थी। घनश्याम गौड़ ने बताया कि परिवार की इच्छा थी कि बहू डोली में बैठकर ससुराल आए। इसके लिए दूर से डोली और कहारों की व्यवस्था करनी पड़ी। खर्च भी हुआ, लेकिन दादा सहित परिवार के बुजुर्गों की इच्छा पूरी होने और पुरानी परंपरा के अनुसार विदाई होने से सभी बेहद खुश हैं।

मछलीशहर... डोली में सवार हो ससुराल जाती दुल्हन। परिजन

मछलीशहर… डोली में सवार हो ससुराल जाती दुल्हन। परिजन



Source link