थानागद्दी। थानागद्दी साधन सहकारी समिति परिसर में शनिवार को जिले के पहले प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सस्ती दर पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
केंद्र का शुभारंभ संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक (सहकारिता) वाराणसी मंडल सोमी सिंह ने फीता काटकर किया। यह पहल संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक के मार्गदर्शन तथा सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता जौनपुर बृजेश पाठक के नेतृत्व में शुरू की गई।
इस मौके पर सोमी सिंह ने कहा कि जनऔषधि केंद्र खुलने से ग्रामीणों को कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध होंगी। इससे इलाज पर होने वाला खर्च कम होगा। साथ ही केंद्र के संचालन से बी-पैक्स समिति की आय बढ़ेगी और वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेगी। कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के सचिव आशुतोष त्रिपाठी, एडीसीओ सदर रजनीश पांडेय, एडीसीओ केराकत अंकित, समिति सचिव अच्छेलाल यादव, रामचंद्र, दीनानाथ, राजेंद्र, उदयराज आदि मौजूद रहे।
