सुइथाकलां। रबी की मुख्य फसलों गेहूं, सरसों और आलू की बुआई के पीक सीजन में क्षेत्र की साधन सहकारी समितियों से डीएपी खाद गायब है। अर्सिया, सुइथाकलां, शेखपुर, अमारी और सरायमोहिउद्दीनपुर समितियों पर डीएपी के बजाय एनपीएस खाद का वितरण किया जा रहा है। 1350 रुपये प्रति बोरी मिलने वाली डीएपी के स्थान पर किसानों को 1900 रुपये की एनपीएस खरीदनी पड़ रही है। इससे किसानों पर प्रति बोरी 550 रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। खाद की किल्लत और महंगाई से किसानों में नाराजगी है।
इन दिनों किसान खेतों की तैयारी के साथ बुआई में जुटे हैं। ऐसे में डीएपी की मांग सबसे ज्यादा है। समितियों पर खाद लेने पहुंच रहे किसानों को डीएपी नहीं मिल रही है। मजबूरी में उन्हें महंगी एनपीएस खरीदनी पड़ रही है। इससे छोटे और मझोले किसानों का बजट बिगड़ रहा है। अर्सिया निवासी किसान खुशी राम मिश्रा ने कहा कि बुआई के सबसे अहम समय में समितियों से डीएपी गायब होना किसानों के साथ छलावा है। महंगी खाद देकर किसानों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। हुसेनाबाद निवासी किसान मनोज यादव ने सहकारिता विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बुवाई का समय निकलता जा रहा है। ऐसे में मजबूरी में कर्ज लेकर महंगी खाद खरीदनी पड़ रही है। वहीं, साधन सहकारी समिति सरायमोहिउद्दीनपुर के सचिव अवधेश चंद पांडेय ने बताया कि समिति पर फिलहाल डीएपी का स्टॉक उपलब्ध नहीं है। शासन स्तर से हुए आवंटन के तहत एनपीएस खाद का वितरण किया जा रहा है। डीएपी की मांग भेजी गई है। जल्द ही इसकी खेप आने की उम्मीद है।
