उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर अयोध्या जिले में लेखपालों का नौ सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन जारी है। आंदोलन के तीसरे चरण में शनिवार, 10 अक्टूबर को जिले की सभी तहसीलों में लेखपालों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। थान
.
लेखपालों का कहना है कि उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन शासन स्तर पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देश पर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जा रहा है। काली पट्टी बांधकर काम करने के माध्यम से लेखपालों ने अपनी नाराजगी जताई और मांगों के शीघ्र निस्तारण की अपील की।
मिल्कीपुर तहसील के संघ अध्यक्ष आशीष राय ने बताया कि प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर लेखपाल अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक वेतनमान में 2800 ग्रेड पे लागू करने, वेतन विसंगतियों को दूर करने और आठ वर्षों से लंबित अंतरमंडलीय स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की प्रमुख मांगें शामिल हैं।

इसके अलावा दो वर्षों से लंबित पदोन्नति सूची जारी करने और 16 वर्षों से भत्तों में बढ़ोतरी नहीं होने का मुद्दा भी उठाया जा रहा है। संघ का कहना है कि इन समस्याओं के समाधान से लेखपालों को राहत मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही उनकी मांगें पूरी हो सकेंगी।
12 अक्टूबर को रक्तदान शिविर, 24 से अनिश्चितकालीन धरना
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, आंदोलन के अगले चरण में सोमवार, 12 अक्टूबर को तहसील और जिला मुख्यालयों पर रक्तदान शिविर आयोजित कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर 24 अक्टूबर से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी गई है।लेखपालों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन मांगों के समाधान तक जारी रहेगा।
