सरूरपुर। थाना सरूरपुर क्षेत्र के जसड़ सुल्ताननगर निवासी वसीम अली के बैंक खाते से ठगी कर निकाले गए 7,631 रुपये पुलिस ने वापस करा दिए। वहीं, प्रमोद त्यागी निवासी नारंगपुर, मोनू निवासी मैनापुठी और अभिषेक गंगवार निवासी फर्रुखाबाद के गुम हुए तीन मोबाइल फोन भी बरामद कर उन्हें सौंप दिए। पुलिस ने रविवार को साइबर हेल्प डेस्क और सीईआईआर पोर्टल की मदद से दोनों मामलों में कार्रवाई की।

सीओ सरधना पंकज लवानिया ने बताया कि वसीम अली के पंजाब नेशनल बैंक खाते से 7,631 रुपये कट गए थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत एनसीआरपी पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई थी। इसके बाद थाना सरूरपुर की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने शिकायत पर कार्रवाई शुरू की। टीम ने साइबर पोर्टल और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर ठगी गई पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी। उधर, पुलिस ने ऑनलाइन सीईआईआर पोर्टल की मदद से तीन लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन भी बरामद किए। पुलिस ने तीनों मोबाइल उनके पंजीकृत स्वामियों को सौंप दिए।



Source link