उन्नाव। बेटी से दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना के छह साल बाद भी प्रशासन की ओर से किए गए वादे पूरे न होने से नाराज मां रविवार को डिप्टी सीएम के काफिले के आगे सड़क पर लेट गई। इससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कार से उतरकर शिकायत सुनी और लखनऊ बुलाकर समस्या के समाधान कराने का आश्वासन दिया।

शहर के एक मोहल्ला निवासी युवती की वर्ष 2021 में दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद उसका शव कब्बाखेड़ा स्थित दिव्यानंद आश्रम में दफनाया गया था। मामले में पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री, दिवंगत फतेह बहादुर सिंह के बेटे रजोल सिंह समेत अन्य पर आरोप लगे थे। सभी जमानत पर बाहर हैं। मृतका की मां ने बताया कि घटना के बाद प्रशासन ने बेटे को सरकारी नौकरी, पक्का आवास, फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई और सुरक्षा का आश्वासन दिया था। सुरक्षा तो मिली, लेकिन अन्य मांगे पूरी नहीं हुई। प्रशासन ने भी कोई सुनवाई नहीं की। रविवार को भी पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो उन्हें जबरन सड़क पर आना पड़ा।

……………….

सपा ने गुंडों-माफियाओं को पाला : पाठक

उन्नाव। भागवत कथा में शामिल होने के बाद उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परिसीमन बिल के जरिये महिलाओं को उनका हक देना चाहते हैं। यह सांविधानिक प्रक्रिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन करने जाने की सूचना पर उन्होंने कहा पहले कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए रामलला से माफी मांगें। सपा वोट के लिए स्वांग रच रही है। हमला करते हुए कहा कि सपा चार बार सत्ता में रहकर गुंडों-माफियाओं को पालती-पोसती रही। प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की स्थिति थी। (संवाद)



Source link