मुजेहना। इटियाथोक के सतघरवा गांव निवासी पवन कुमार राजभर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह कोमा में हैं। लखनऊ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पवन के पिता रामदीन राजभर के अनुसार, 21 नवंबर को आरोपी उनके बेटे पवन को घर से बुलाकर ले गए थे। बलरामपुर के महराजगंज जंगल में गाली-गलौज के बाद धानेपुर क्षेत्र के पृथ्वीपालगंज ग्रंट के पास उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उसे लखनऊ के निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर बनी हुई है।
पिता का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने पर आरोपियों की ओर से परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। बेटे के इलाज में व्यस्त होने के कारण वह पहले शिकायत नहीं कर सके। थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि भोला, विजय, दिनेश और बड़कऊ समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
