अक्षय तृतीया पर बाजार में रविवार को समृद्धि बरसी। सहालग का सीजन शुरू हो जाने से सोने-चांदी के आभूषणों के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान और वाहन भी खरीदे गए। रविवार तक महानगर के बाजार में करीब 45 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। सोमवार को भी अक्षय तृतीया पर खरीदारी होगी।
मानिक चौक, सीपरी बाजार, प्रेमनगर स्थित सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, इलेक्ट्रॉनिक्स समेत बर्तन बाजार में खासी भीड़ रही। दोपहर से दुकानों में लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। सराफा व्यापारियों ने बताया कि अक्षय तृतीया को लेकर पहले से बुकिंग की गई थी। इस वजह से बाजार में भीड़ रही। शहर के सराफा बाजार में 20-25 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। उनका कहना है कि हल्के वजन के आभूषण समेत रोजाना पहने जाने वाले जेवरात व हीरे के उत्पादों की बिक्री अधिक रही। कई सराफा दुकानदारों की ओर से मेकिंग चार्ज में छूट दी गई। आकर्षक ऑफरों से भी ग्राहकों को लुभाने की कोशिश हुई।
खूब हुआ कारोबार
कपड़ा कारोबारियों ने शादी सीजन के नाते अच्छी बिक्री होने की बात बताई। मानिक चौक के कारोबारी प्रिंस जायसवाल ने बताया कि रेडीमेड और पारंपरिक परिधानों की मांग बढ़ी है। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी गर्मी के चलते एसी, कूलर और फ्रिज की बिक्री में तेजी आई। ऑटो सेक्टर भी पीछे नहीं रहा। अक्षय तृतीया एवं सहालग की वजह से 100 से 150 गाड़ियों की बुकिंग हुई, इनमें चार पहिया वाहन भी शामिल रहे। कैटरिंग और डेकोरेशन कारोबार में भी सहालग के चलते बूम आया।
इनका यह है कहना
ग्राहकों ने सबसे ज्यादा 24 कैरेट के सोने के सिक्के खरीदे। आभूषणों में सोने की चूड़ियां और हार बिके हैं। रविवार को करीब 20-25 करोड़ के कारोबार का अनुमान है। – अंकुर अग्रवाल, सराफा व्यापारी
महिलाओं की तरफ से कंगन, हार, झुमकी आदि की मांग ज्यादा रही। चांदी के आभूषण में कमरपेटी, बिछिया, पायल भी लोगों ने अधिक दाम होने के कारण अपने बजट के हिसाब से खरीदे। – हर्ष गुप्ता, सराफा व्यापारी
अक्षय तृतीया के असमंजस से अटकाई बरात, आज होगी धूम
अक्षय तृतीया के असमंजस से रविवार को शादियों की संख्या कम रही। पिछले साल जहां अक्षय तृतीया पर महानगर में चार सौ से भी अधिक शादियां हुई थीं वहीं, रविवार को आंकड़ा एक सैकड़ा का भी पार नहीं हो सका। मैरिज हॉल संचालकों का कहना है कि सोमवार को सबसे अधिक बुकिंग हैं। बुंदेलखंड विवाहस्थल एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष विवेक दत्त स्वामी के अनुसार 20 एवं 21 अप्रैल को तकरीबन सभी हॉल में बुकिंग है। विवाह गृह संचालकों का कहना है कि मुहूर्त को लेकर भ्रम की स्थिति के चलते लोगों ने कार्यक्रम आगे खिसका दिए।
उदयातिथि के हिसाब आज भी अक्षय तृतीया
पंचांगों के अनुसार तृतीया तिथि को लेकर अलग-अलग मत है। ज्योतिषाचार्य प. निखिल के मुताबिक एक मत के अनुसार 19 अप्रैल को सुबह 10:49 बजे तृतीया शुरू होकर 20 अप्रैल को सुबह 7:27 बजे तक रहेगी, जबकि दूसरे मत में यह 19 अप्रैल दोपहर 1:01 बजे से शुरू होकर 20 अप्रैल सुबह 10:39 बजे तक बताई गई है। उदयातिथि के आधार पर कई लोग 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया मान रहे हैं। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार अक्षय तृतीया को अबूझ मुहूर्त माना जाता है, जिसमें विवाह, मुंडन और नए कार्यों की शुरुआत की जाती है। इस दिन भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व होता है।
