आर्मी पब्लिक स्कूल बबीना में सोमवार को कक्षा आठवीं से बारहवीं तक के विधार्थियों के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ विषय पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार का आयोजन कैवेलियर सभागार में लेफ्टिनेंट कर्नल अमित उनियाल के द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय सेना के साहस, त्याग और पराक्रम से अवगत कराने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर विदेशी अराजक तत्वों द्वारा देश की अखंडता व सुरक्षा के खिलाफ अफवाहों से जागरूक कर उन्हें सशक्त “सूचना योद्धा” बनाना है।
सेमिनार आयोजक अमित उनियाल ने अपने ओजस्वी और प्रेरणादायक वक्तव्य के माध्यम से विधार्थियों को भारतीय सेना की पराक्रमशाली यशोगाथा सुनाई। उन्हें सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने और एक सशक्त “सूचना योद्धा” बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हमारी सेना देश की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों के जवाब भी दिए। प्राचार्या डिंपल शेखावत ने इस कार्यक्रम को विधार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में प्राचार्या, अमित उनियाल, नीना दीक्षित, लाजर,बृजेश यादव, मनोज मिश्रा, अनुश्री उनियाल,राहुल यादव, शिवम् साहू और अमन यादव उपस्थित रहे।
