कलक्ट्रेट में मंगलवार को श्रावण मास, कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर धर्मगुरुओं और आमजन के साथ हुई बैठक में डीएम गौरांग राठी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा और चैहल्लम के दौरान सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार डीजे बजाएं। यात्रा और मंदिरों की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जाए।
श्रावस मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जनपद और नगर के मुख्य शिवालय सिद्धेश्वर मंदिर, मढि़या महादेव मंदिर और मऊरानीपुर में केदारेश्वर मंदिर में कांवड़ यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करते हुए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्य मार्ग पर छुट्टा और बेसहारा गोवंश घूमते नजर न आएं, उन्हें स्थायी गोशालाओं में रखा जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर मुख्य कांवड़ यात्रा मार्ग की मरम्मत करते हुए गड्ढा मुक्त और इंटीग्रेटिड सुविधा केंद्र में आधारभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, विद्युत आपूर्ति और प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाए। विद्युत विभाग के एक्सईएन को निर्देश दिए कि भूमि पर रखे ट्रांसफार्मर, लटके जर्जर तार और विद्युत से संबंधित अन्य समस्या का त्वरित निस्तारण करें।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने सभी थानों में पीस कमेटी की बैठक कराने के निर्देश दिए। बताया कि शिवालयों में इस बार सिविल ड्रेस में महिला आरक्षी विशेष रूप से श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। धर्मगुरुओं और आमजन ने सुझाव देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के मार्ग को जल्द से जल्द गड्ढामुक्त कराया जाए। यात्रा के मार्ग पर बिरयानी और मांसाहारी खाने की दुकानें पूरी तरह बंद रहें। ताजियों को करबला जाने वाले मार्ग पर लटके हुए तारों को जल्द ठीक कराएं। भारी बारिश में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को दुरुस्त कराएं। इस दौरान आचार्य हरिओम पाठक, याकूब अहमद मंसूरी, कैलाश नारायण पाठक, मुकेश अग्रवाल, रवीश त्रिपाठी, विनोद अवस्थी, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, एसपी सिटी प्रीति सिंह, एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, सीओ सिटी रामवीर सिंह मौजूद रहे।
