कानपुर भेजे गए टाइटन के 65 आभूषणों में एक डायमंड बैंगल्स का सेट चोरी हो गया। यह बैंगल्स सेट पिछले महीने प्रदर्शनी के लिए झांसी लाए गए थे। यहां से वापस भेजने में एक सेट कम निकला। बाजार में इसकी कीमत 8.61 लाख रुपये बताई गई। कंपनी के वरिष्ठ कैशियर सोनू कुमार ने नवाबाद थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वरिष्ठ कैशियर सोनू कुमार ने पुलिस को बताया कि 12 से 14 दिसंबर 2025 तक सिविल लाइंस स्थित टाइटन स्टोर में हाई वैल्यू स्टडेड ज्वैलरी प्रदर्शनी आयोजित हुई थी। प्रदर्शनी के बाद शेष स्टॉक से 65 आभूषण कानपुर स्टोर के लिए भेजे गए। 17 दिसंबर को झांसी स्थित स्टोर से स्टॉक कानपुर भेजा गया। वहां भौतिक सत्यापन कराने पर 64 आभूषण ही मिले। एक कीमती 36.234 ग्राम वजन का डायमंड बैंगल्स सेट गायब गायब मिला। कंपनी के मूल्यांकन में जीएसटी समेत इसकी कीमत 8,61,005 रुपये बताई गई। जांच पड़ताल के बाद भी आभूषण का पता नहीं चला। अज्ञात व्यक्ति के आभूषण चोरी करने की आशंका में नवाबाद थाने में मामला दर्ज कर लिया गया। सीओ सिटी रामवीर सिंह का कहना है कि क्षेत्राधिकार को देखते हुए मामले को कानपुर के गोविंद नगर थाने को स्थानांतरित किया गया है।
