जमीन दिलाने के नाम पर 5.93 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ग्राम सेना निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर मोंठ थाना पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा गुसाईं के दो भतीजों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना मोंठ क्षेत्र के ग्राम सेना निवासी ब्रह्मजीत द्विवेदी ने महावीरपुरा निवासी राघवेंद्र कुमार और देवेंद्र कुमार पर जमीन दिलाने के नाम पर रकम लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने भरोसा दिलाकर अलग-अलग तिथियों में उसके बैंक खाते से कुल 5 लाख 93 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। तहरीर में कहा गया है कि दोनों आरोपी जमीन का कारोबार करते हैं। उनके साथ 10 लाख रुपये में एक जमीन का सौदा तय हुआ था। वर्ष 2023 से 2025 के बीच पीड़ित ने 5.93 लाख रुपये ऑनलाइन भुगतान कर दिए, लेकिन न तो जमीन दिलाई गई और न ही कोई एग्रीमेंट कराया गया। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे और बाद में जमीन देने तथा पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर महावीरपुरा निवासी राघवेंद्र कुमार और देवेंद्र कुमार पुत्रगण चंद्रप्रकाश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल राजेश पाल सिंह ने बताया कि मोंठ की नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा गुसाईं के भतीजों देवेंद्र गोसाई और राघवेंद्र के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्य के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले में पक्ष जानने के लिए देवेंद्र गुसाईं से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *