नई झांसी के लिए अब झांसी विकास प्राधिकरण 53 एकड़ भूमि का अधिग्रहण करेगा। इसके अलावा गांव सभा की 90 एकड़ भूमि लेने के लिए जेडीए सरकारी खजाने में 40 करोड़ रुपये जमा करेगा। डीएम से पुनर्ग्रहण की मंजूरी मिलने के बाद जेडीए प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत रुंदकरारी में जेडीए करीब 1100 एकड़ में नई टाउनशिप विकसित कर रहा है। 125 एकड़ के पहले सेक्टर में 1109 भूखंडों का आवंटन ई-लॉटरी के जरिये चार दिसंबर 2025 को जेडीए कर चुका है। अब लगभग 115 एकड़ के दूसरे सेक्टर की लॉचिंग की तैयारी चल रही है। हालांकि, दूसरे फेज में अभी करीब आठ एकड़ भूमि एक निजी काश्तकार से जेडीए प्रशासन को नहीं मिल पाई है। चूंकि, अब तक लगभग 900 एकड़ जमीन जेडीए क्रय कर चुका है, जो कुल भूमि का करीब 82 फीसदी है। ऐसे में अब जेडीए प्रशासन जमीन का अधिग्रहण और गांव सभा की भूमि लेगा। बताया गया कि 43 काश्तकारों से जेडीए 53 एकड़ भूमि अधिग्रहण करेगा। इसके साथ ही लगभग 90 एकड़ गांव सभा की भूमि भी लेगा। भूमि की कीमत का मूल्यांकन करके डीएम की ओर से इसकी मंजूरी दे दी गई है। इसके एवज में प्राधिकरण को सरकारी खजाने में 40 करोड़ रुपये जमा करना होगा। इससे नई झांसी को विकसित करने की रफ्तार तेज होगी।

दूसरे सेक्टर में भी मिलेगी एक हजार से ज्यादा भूखंडों की सौगात

नए शहर को नौ सेक्टर में विकसित किया जाना है। बताया गया कि दूसरे सेक्टर में भी लोगों को एक हजार से ज्यादा भूखंडों की सौगात मिलेगी। पहले जेडीए प्रशासन ने 15 अगस्त तक इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोलने की योजना बनाई थी लेकिन जमीन क्रय न हो पाने से अब इसमें दो से तीन महीने का समय और लग सकता है।

नए शहर के लिए लगभग 82 फीसदी भूमि क्रय की जा चुकी है। अब 53 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके अलावा गांव सभा की 90 एकड़ भूमि के पुनर्ग्रहण की भी मंजूरी मिल गई है। – हिमांशु गौतम, उपाध्यक्ष, जेडीए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें