नौतपा के पहले ही दिन झांसी खूब तपा। अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ऐसे में झांसी प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। दिनभर लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। सूरज ढलने के बाद भी वातावरण में गर्माहट रही। मौसम विभाग ने तीन दिन और लू चलने के आसार जताए हैं।

सुबह से ही तेज धूप खिली होने और लू चलने से भीषण गर्मी पड़ने लगी थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे सूरज की तल्खी बढ़ने से आसमान से बरसती आग ने लोगों को बेहाल कर दिया। खासकर दोपहर 12 से तीन बजे तक बीकेडी, इलाइट, चित्रा, कचहरी और जेल चौराहा पर आम दिनों की तुलना में भीड़भाड़ कम रही। वहीं, लोगों की भीड़ से गुलजार रहने वाले मानिक चौक, बड़ाबाजार, सीपरी बाजार, सदर बाजार में भी दोपहर में सन्नाटा सा पसरा रहा। बार-बार गला सूखने पर लोग ठंडा पानी, शिकंजी और आम का पना पीते नजर आए।

मौसम विभाग के आंकड़े देखें तो दिन का पारा 47.6 डिग्री सेल्सियस रहने से बुंदेलखंड का बांदा प्रदेश में सबसे रहा। गर्माहट के मामले में दूसरे पायदान पर रहने वाले झांसी का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम पारा 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है। झांसी की रात प्रदेश में सबसे गर्म रही। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि नौतपा के दौरान मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को भी लू भरी गर्मी लोगों को झेलनी पड़ेगी। दिन का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के भी पार जा सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *