प्रदेश स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर झांसी प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 28 से 31 जुलाई तक मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक और जूनियर नेहरू हॉकी बालक-बालिका प्रतियोगिता से पहले बृहस्पतिवार को मण्डलीय खेल बैठक में व्यवस्थाओं का मंथन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। बैठक में संयुक्त शिक्षा निदेशक राजेश कुमार वर्मा और जिला विद्यालय निरीक्षक रति वर्मा ने प्रदेश के विभिन्न मंडलों से आने वाली टीमों के ठहरने, भोजन, जलपान, पेयजल, सुरक्षा, चिकित्सा, परिवहन, खेल सामग्री, निर्णायकों की तैनाती, अनुशासन, उद्घाटन एवं समापन समारोह सहित सभी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की। सभी संबंधित अधिकारियों और व्यायाम शिक्षकों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मण्डलीय क्रीड़ा सचिव अजय सिंह, जनपदीय क्रीड़ा सचिव अजय रजक, उप क्रीड़ा सचिव सुनीता तिवारी, ललितपुर के क्रीड़ा सचिव आशीष वर्मा तथा जालौन के क्रीड़ा सचिव महेंद्र सिंह,मण्डलीय खेलकूद समन्वयक नीतू सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार मिश्रा मण्डल के व्यायाम शिक्षक, खेल अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
