बारिश शुरू होते ही मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग की ओपीडी में उल्टी-दस्त से पीड़ित बढ़े हैं। बुधवार को ओपीडी में 50 फीसदी से ज्यादा बच्चे उल्टी-दस्त के आए। इनमें से पांच बच्चों को चिंताजनक हालात में भर्ती किया गया है।
बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. जीएस चौधरी ने बताया कि कुछ दिन पहले ही बारिश शुरू हुई है। इससे ओपीडी में उल्टी-दस्त के शिकार बच्चों की संख्या काफी बढ़ गई है। ऐसे ही हालात रहते हैं, तो आगामी दिनों में इनकी संख्या बढ़ना तय है। उमस और बारिश के बीच बाजार में खुले में मिलने वाले खाद्य पदार्थ, रखा भोजन करने से बच्चे दस्त-उल्टी की चपेट में आ रहे हैं। यदि कोई बच्चा तीन से ज्यादा बार शौच या उल्टी कर रहा है, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए। इसमें थोड़ी भी लापरवाही बरतने से बच्चे की हालत चिंताजनक हो सकती है। ऐसे में बच्चे को तुरंत ओआरएस का घोल देना शुरू कर देना चाहिए।
बचाव के उपाय
स्वच्छ पेयजल का सेवन करें। खाने से पहले हाथ जरूर धोएं। शौचालय जाने के बाद अच्छे से हाथ साफ करें। साफ बर्तन में खाना खिलाना।
