बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि पांच मई तक 4,41,030 छात्र-छात्राओं ने फॉर्म भरे। इनमें 38.75 फीसदी छात्र और 61.24 फीसदी छात्राएं हैं। एक ट्रांसजेंडर ने भी फॉर्म भरा है। कुलपति ने 31 मई को प्रवेश परीक्षा कराने की योजना बनाई है।
20 मई तक हो सकते हैं प्रवेश पत्र जारी
परीक्षा के स्टेट को-आर्डिनेटर प्रो. सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि देर शाम तक भरे गए कुल फॉर्म 4,41,030 हैं, जिनमें 1,70,903 छात्र, 2,70,126 छात्राएं और एक ट्रांसजेंडर है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष भी एक ट्रांसजेंडर ने फॉर्म भरा था। छह अप्रैल यानी आज बुधवार से 10 मई तक एडिट विंडो खोली जाएगी। इसके माध्यम से फॉर्म भरते समय हुई गलती सुधारी जा सकती है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी भरे हुए फॉर्म में नाम की स्पेलिंग सुधार सकेंगे। सेंटर नया भर सकेंगे। जेंडर और भारांक में भी सुधार हो सकेगा। इसके बाद एडिट विंडो बंद कर दी जाएगी और 12 मई को सेंटरों को सील कर दिया जाएगा। चूंकि प्रवेश परीक्षा 31 मई को प्रस्तावित है, इसलिए एक सप्ताह बाद यानी 20 मई तक प्रवेश पत्र जारी किए जा सकते हैं।
कुलपति ने ली बैठक
वहीं, कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बीएड की प्रवेश परीक्षा पारदर्शिता से कराने के लिए बैठक की। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों का जल्द निर्धारण कर लिया जाए ताकि उनकी क्षमता के अनुसार परीक्षार्थियों को केंद्र आवंटित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि हर हाल में 28 मई तक प्रत्येक परीक्षा केंद्र को बीयू के कंट्रोल रूम से जोड़कर परीक्षण कर लिया जाए।
