झांसी में एक और आवासीय नगरी विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के पास करीब 500 एकड़ में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत नई आवासीय नगरी विकसित की जाएगी। इसमें आवासीय भूखंडों के साथ व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स भी विकसित किए जाएंगे। मंगलवार को आयुक्त सभागार में हुई झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) की बोर्ड बैठक में योजना को मंजूरी दे दी गई।

हालांकि नई आवासीय नगरी के लिए अभी जमीन का स्थान अंतिम नहीं हुआ है। जेडीए प्रशासन ने आबादी के नजदीक कुछ स्थान चिह्नित किए हैं। इनमें से किसी एक स्थान का चयन जल्द किया जाएगा। इसके बाद जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू होगी। आयुक्त बिमल कुमार दुबे ने बताया कि टाउनशिप में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। स्कूल, कॉलेज और अस्पताल के लिए भी स्थान रखा जाएगा। यहां फ्लैट के बजाय भूखंडों का चरणवार आवंटन किया जाएगा। व्यावसायिक गतिविधियों के लिए कॉम्प्लेक्स भी विकसित होंगे।

रुंदकरारी में 1000 एकड़ की टाउनशिप पर भी काम

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत रुंदकरारी में पहले से 1000 एकड़ में टाउनशिप विकसित की जा रही है। पहले चरण में 111 एकड़ में 1109 भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है। जेडीए अब तक करीब 900 एकड़ जमीन खरीद चुका है, जो प्रस्तावित भूमि का लगभग 82 प्रतिशत है। अब शेष भूमि की खरीद और ग्रामसभा की जमीन लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। 43 काश्तकारों की 40.781 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। इसके लिए जेडीए ने 40.75 करोड़ रुपये बैंक में जमा करा दिए हैं।

बेतवा विहार फेज-2 के विकास को भी मंजूरी

बोर्ड ने बेतवा विहार आवासीय योजना फेज-2 के समग्र विकास के लिए योजना मद से कार्य कराने पर सहमति दी। वहीं, एक हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले भूखंडों पर देय विकास शुल्क को चार अर्द्धवार्षिक किस्तों में जमा करने की मंजूरी दी गई। इस पर 15 प्रतिशत साधारण ब्याज देय होगा।

ट्रांसपोर्ट नगर में बनेगा 220 केवी उपकेंद्र

ग्वालियर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में 220 केवी क्षमता का विद्युत उपकेंद्र बनाने का रास्ता साफ हो गया है। जेडीए इसके लिए यूपी पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड को 4.7 हेक्टेयर जमीन देगा। करीब 110 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उपकेंद्र से शहर की बिजली आपूर्ति में सुधार की उम्मीद है। इससे हंसारी और दुनारा पावर हाउस पर पड़ रहा अतिरिक्त भार भी कम होगा। बैठक में नामित सदस्य सुबोध गुबरेले, जेडीए उपाध्यक्ष हिमांशु गौतम, नगर आयुक्त अन्ना सुदन और जेडीए सचिव गौरव शुक्ला समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें