कलक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की समीक्षा बैठक में जल और विद्युत विभाग के अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। विधायकों ने पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत न होने, हर घर तक पर्याप्त दबाव से पानी नहीं पहुंचने और बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। इस पर प्रभारी मंत्री ने सड़कें काटकर उन्हें दुरुस्त न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सर्वे कराने और शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए।

बैठक में बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों से लगातार संपर्क के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। कई इलाकों में कम प्रेशर के कारण घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कें अब तक नहीं सुधारी गई हैं। गांवों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली भी नहीं मिल रही है। कभी ब्रेकडाउन तो कभी ओवरलोड के नाम पर कटौती की जा रही है। साथ ही खराब ट्रांसफार्मर भी समय से नहीं बदले जा रहे हैं।

गरौठा विधायक जवाहर राजपूत ने कहा कि धान की फसल के लिए इस समय पर्याप्त बिजली और पानी की जरूरत है, लेकिन किसानों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली नहीं मिल रही। उन्होंने नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर मुख्य अभियंता ने बताया कि मोंठ के अमरौख में 33/11 केवी उपकेंद्र 10 दिन में चालू हो जाएगा। समथर में समस्याओं के समाधान के लिए अधिशासी अभियंता तीन दिन तक कैंप करेंगे।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि धान की फसल प्रभावित न हो। गांवों की बिजली और ट्यूबवेल फीडर निर्बाध रूप से संचालित किए जाएं। उन्होंने जरूरत के अनुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने, नए पोल लगाने तथा ट्रांसफार्मर, फीडर और लाइनों की नियमित जांच व समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगर की पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने जल संस्थान और जल निगम को समन्वय के साथ कार्य कर हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान कहा कि जिन घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां बूस्टर लगाकर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिलाध्यक्ष की ओर से जिला अस्पताल में निजी दवाएं लिखे जाने का मुद्दा उठाने पर प्रभारी मंत्री ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, एमएलसी रमा निरंजन, रामतीर्थ सिंघल और डॉ. बाबूलाल तिवारी, महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार, नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एडीएम शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम पल्लवी मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

15 सितंबर तक पूरा होगा माताटीला से 195 एमएलडी पानी का प्रोजेक्ट

डीएम गौरांग राठी ने बताया कि माताटीला डैम से महानगर को 195 एमएलडी पानी उपलब्ध कराने की परियोजना 15 सितंबर तक पूरी करने की समयसीमा तय की गई है। निर्धारित अवधि में काम पूरा न होने पर संबंधित फर्म और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों ने उठाए ये मुद्दे

सदर विधायक रवि शर्मा : महानगर में नशा कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाने और स्कूलों के आसपास की दुकानों पर छापेमारी की मांग की। शहर की बिजली व्यवस्था में सुधार पर संतोष भी जताया।

मऊरानीपुर विधायक रश्मि आर्या : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थायी महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती पर आभार जताया और अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने का सुझाव दिया।

खैलार में बनेंगे रूरल मार्ट, मिनी स्टेडियम और सामुदायिक विवाह घर

प्रभारी मंत्री ने बबीना की खैलार ग्राम पंचायत में रूरल मार्ट, मिनी खेल स्टेडियम और सामुदायिक विवाह घर का वर्चुअल शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से पंचायत की आय बढ़ेगी, ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। रूरल मार्ट के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों, किसानों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों के विपणन की स्थायी व्यवस्था भी उपलब्ध होगी। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मेधावी छात्राओं और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थी बच्चों को सम्मानित किया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें