टोड़ी फतेहपुर नगर के मोहल्ला फतेहपुर में साली की शादी में शामिल होने आए जीजा ने गले में फंदा कसकर जान दे दी, जिससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। साली की विदाई से पहले जीजा ने आत्मघाती कदम उठाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
बबीना कैंट निवासी राहुल पाठक (30) अपनी ससुराल टोड़ी फतेहपुर के मोहल्ला फतेहपुर में साली सोनाली की शादी में शामिल होने आया था। साली की बारात बृहस्पतिवार को एरच से आई थी। शादी समारोह चिरगांव के एक विवाह घर में आयोजित किया गया था। राहुल के ससुर विनोद भूमिया का निधन हो चुका है। उसके कोई साला भी नहीं था। ऐसे में राहुल ही शादी की जिम्मेदारी निभा रहा था। शुक्रवार को राहुल साली की विदाई से पहले अपनी मां के साथ टोड़ी फतेहपुर ससुराल लौट आया था। यहां आकर मां को उसने बबीना के लिए रवाना कर दिया था। ससुराल के सभी लोग शादी समारोह चिरगांव में थे। ऐसे में उन्होंने यहां घर की देखरेख के लिए मुलु प्रजापति को छोड़ दिया था। राहुल ने मुलु को भी घर से जाने के लिए कह दिया। कुछ समय बाद जब मुलु वापस लौटा तो मकान का लोहे का फाटक अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। आशंका होने पर उसने पुलिस और मोहल्ले के लोगों को सूचना दी। थानाध्यक्ष संजीव कुमार कटियार के साथ मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घर का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो राहुल का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठे किए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक की पत्नी सोनम का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। बता दें कि मृतक की दो साल की एक बेटी भी है। उसके आत्मघाती कदम उठाने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।