मऊरानीपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार देर रात एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम चकारा निवासी भूपेंद्र अपनी 55 वर्षीय मां सगुना बाई को रविवार शाम 7 बजे अस्पताल लाए थे। सगुना बाई को सांस लेने में तकलीफ और उल्टी की शिकायत थी। चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया। रात करीब 10:30 बजे उपचार के दौरान महिला की मृत्यु हो गई। भूपेंद्र ने आरोप लगाया कि चिकित्सक ने इलाज में लापरवाही की। उन्होंने यह भी कहा कि महिला को समय पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर नहीं किया गया।

चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामपाल ने परिजनों के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने बताया कि महिला हृदय रोग से पीड़ित थी और उनका पेसमेकर भी बदला गया था। गंभीर हालत देख उन्हें तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। डॉ. रामपाल के अनुसार, परिजनों ने मरीज को झांसी ले जाने में देरी की, जिससे उनकी जान चली गई। कोतवाल मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज देखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें