जसवंतनगर। क्षेत्र के ग्राम भारद्वाजपुर में शनिवार सुबह मोबाइल चलाने से मना करने पर हाईस्कूल की छात्रा ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। छोटी बहन ने उसे फंदे पर लटका देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में छात्रा को नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भारद्वाजपुर निवासी यदुनाथ सिंह की बेटी भावना (15) हाईस्कूल की छात्रा थी। शनिवार सुबह परिवार के सदस्य घर के ऊपर बने कमरे में खाना खा रहे थे। इसी दौरान भावना नीचे बने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद उसकी छोटी बहन नीचे पहुंची तो कमरे में भावना को जंगले से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका देखा। यह देखकर वह घबरा गई और शोर मचाकर परिजनों को जानकारी दी। परिजन नीचे पहुंचे और भावना को फंदे से उतारा। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।भावना तीन भाई-बहनों में छोटी थी। उसकी एक बहन और एक बड़ा भाई है। घटना के बाद से माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि पिता ने भावना को पढ़ाई पर ध्यान देने और मोबाइल फोन कम चलाने को लेकर डांट दिया था। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसके आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है।(संवाद)