ट्रैफिक पुलिस ने एक राहगीर का ऑटो में छूटा कीमती सामान से भरा बैग सूचना मिलने के सिर्फ एक घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिया।
जतारा मध्यप्रदेश के रहने वाले राहुल रैकवार ने बुधवार को ट्रैफिक पुलिस को सूचना दी कि मंगलवार की रात लगभग 11 बजे उन्होंने एक आपे बुक किया था और झांसी-कानपुर चुंगी तक गए थे। जल्दबाजी व भूल से उनका बैग उसी आपे में छूट गया। बैग में राहुल की जरूरी मार्कशीट, अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन और कुछ कीमती सामान मौजूद था, जिसे लेकर वह परेशान थे।
प्रभारी यातायात प्रेम पाल ने पुलिस टीम के साथ खंगाले सीसीटीवी
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी यातायात प्रेम पाल ने पुलिस टीम के साथ लगभग एक घंटे तक क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को खंगाला। चेकिंग में एक फुटेज में राहुल इस आपे में बैठते हुए दिखाई दे गए। पुलिस ने फुटेज की मदद से आपे के नंबर का पता लगाया व उसके मालिक व चालक से तुरंत संपर्क किया, तो उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए स्वीकार किया कि उनकी गाड़ी में एक बैग छूटा है।
सुरक्षित लौटाया बैग
यातायात पुलिस ने चालक को तत्काल मौके पर बुलाया। इसके बाद पीड़ित राहुल के सामने बैग को खुलवाकर उसमें रखे सामान की जांच कराई गई। सारा सामान सुरक्षित होने पर आपे चालक के माध्यम से ही राहुल को उनका बैग सुपुर्द कर दिया गया।
