झांसी-कानपुर हाईवे पर मंगलवार आधी रात, पारीछा पावर प्लांट के सामने खड़े एक खराब ट्रक में पीछे से स्लीपर बस घुस गई। हादसे में बस चालक इस्लाम बेग (35) निवासी अशोक नगर मध्य प्रदेश एवं बस में सवार कन्ना (69) पुत्र भीम निवासी रामनगर विदिशा की मौत हो गई, जबकि 15 से 20 यात्री घायल हो। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रयागराज से मध्य प्रदेश के विदिशा जा रही स्लीपर बस रात करीब 1:30 बजे बड़ागांव थाना क्षेत्र में पारीछा पावर प्लांट के सामने हाईवे पर खड़े खराब ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक स्टेयरिंग में फंस गया। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बस में सवार अधिकांश यात्री मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। वह प्रयागराज में अस्थि प्रवाहित कर विदिशा लौट रहे थे। हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
सीओ सदर प्रिया सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल यात्रियों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। आशंका जताई जा रही की बस चालक के झपकी आने की वजह से या हादसा हुआ।